ढोलना के जखेरा बंबा पुलिया के निकट खाई में एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ है। युवक की लूट के बाद हत्या हुई या हादसे का शिकार हुआ यह गुत्थी उलझ गई है। युवक की शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है।
राहगीरों ने सोमवार सुबह खाई में एक युवक का शव देखा। शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से युवक के संबंध में जानकारी की, लेकिन कोई युवक की पहचान नहीं बता सका। युवक का चेहरा कुचला हुआ था। उसके हाथ एवं पैरों में भी चोट के निशान मिले। पुलिस ने उसकी शनाख्त के लिए तलाशी ली, लेकिन जेबों से न तो नगदी ही मिली और न ही मोबाइल या अन्य कोई ऐसा सामन जिससे युवक के बारे में जानकारी मिल पाती। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का लगता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस युवक की शनाख्त के प्रयास कर रही है।
शव के पास से हेलमेट मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। यदि युवक वाकई हादसे का शिकार हुआ है तो उसका वाहन कहां चला गया। किसी ने युवक को मरा देखकर वाहन को वहां से गायब कर दिया और उसके पास मौजूद नकदी आदि जेब से निकाल ली। या किसी ने उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद हत्या कर शव को फेंक दिया। या फिर शव को कहीं से लाकर डालने के बाद हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। इस गुत्थी को सुलझाना पुलिस को किसी चुनौती से कम नहीं होगा।