शिकोहाबाद रोड स्थित सुनहरी कालोनी के पास रविवार देर रात तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार युवक जावेद (25) को चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर लोगों को गुस्सा फूटा और ट्रक में तोड़फोड़ कर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
लोग मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग रही थी। इतना ही नहीं भीड़ ने ट्रक में आग लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे डीएम, एसएसपी, सपा नेता ने दो घंटे बाद जाम को खुलवाते हुए शव पीएम के लिए भेजा।
जिला हाथरस के कसबा मुरसान निवासी जावेद बाइक से रविवार रात शिकोहाबाद रोड स्थित गांव उद्देतपुर में मौसा के घर घूमने जा रहा था। देर रात शिकोहाबाद रोड स्थित सुनहरी नगर कालोनी के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया जिससे जावेद की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद एंबुलेंस को सूचना देकर बुलाया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे गुस्साए लामबंद लोगों ने शव शिकोहाबाद रोड पर रखकर जाम कर दिया और ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में आगजनी नहीं होने दी। आक्रोशित लोग करीब दो घंटे तक जाम लगाए रहे।
लामबंद लोग ट्रक चालक पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे डीएम अमित किशोर, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाते हुए शव पीएम के लिए भिजवाया। जाम खुलवाने के दौरान सपा नेता शराफत अली काले खान, भाजपा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।