सड़क हादसे में युवक की मौत, लगाया जाम
- फोटो : Amar Ujala
नयागांव में मंगलवार शाम रोडवेज बस से उतरकर पैदल सड़क पार कर रहे युवक डीसीएम की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने अलीगंज मार्ग पर जाम लगा कर हंगामा कर दिया। ग्रामीण वाहन को पकड़ने और मृतक आश्रितों को मुआवजा देने की मांग कर जाम लगाए खडे़ थे।
नयागांव निवासी प्रेमवीर (35) मंगलवार शाम एटा से घर लौटा था। रोडवेज बस से उतरने के बाद पैदल सड़क पार करते वक्त सराय अगहत की ओर से आई तेज रफ्तार डीसीएम प्रेमवीर को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण पुलिस अफसरों को बुलाने, डीएम को पकड़ने और मुआवजा देने की मांग पर अड़े थे।
खास बात यह है कि हादसा कर भागी डीसीएम पकड़ने के लिए पुलिस ने वायरलेस पर सूचना दी, लेकिन पुलिस वाहन को पकड़ने में नाकाम रही। पुलिस डीसीएम की तलाश मेें जुटी है और ग्रामीण अलीगंज रोड पर जाम लगाए खड़े हैं। हादसा मृतक के घर के ठीक सामने हुआ है। युवक की अचानक मौत से परिवारीजनों कोहराम मच गया है।