ग्राम बीनपुर में जीवन देने वाली एंबुलेंस ही महिला की मौत का कारण बन गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। ग्राम बीनपुर निवासी कलावती (55) पत्नी स्वर्गीय डूंगरलाल मंगलवार को सुबह गांव के पास मार्ग पर कहीं जा रही थी। तभी तेज गति से आ रही एंबुलेंस (यूपी 23 टी 3109) की चपेट में आ गई।
एंबुलेंस की टक्कर लगते ही कलावती लहुलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर सुनते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई। काफी संख्या में वाहन मार्ग पर फंस गए। यात्रियों को भी काफी दिक्कतें हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम परवेज अहमद, सीओ अमृतलाल, नायब तहसीलदार संतोष कुमार भी मौके पर आ गए। ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का पूरा भरोसा दिया। इसके बाद जाम खुल सका।
दूसरे हादसे में अलीगंज पटियाली मार्ग पर मझोला के निकट सोमवार की रात्रि को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। इनमें से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम गोड़ा निवासी रामकिशन पुत्र जगरू सिंह व शिवराज पुत्र राजेंद्र उर्फ मुन्नालाल बाइक से रात करीब 9 बजे अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। मझोला गांव के निकट पेट्रोल पंप के पास से अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पडे़।
राहगीरों की मदद से उन्हें अलीगंज के स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया यहां रामकिशन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि शिवराज की गंभीर हालत को देखते हुए रैफर कर दिया गया। रामकिशन के पिता जगरू सिंह ने कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।