कासगंज। बिलराम गेट हजारा नहर में नहाते समय दो सगे भाई डूब गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि दूसरे लापता भाई की तलाश में पीएसी के गोताखोर जुटे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक दूसरे भाई का सुराग नहीं लग सका था।
नगर के दुर्गा कालोनी निवासी राजेश विद्युत विभाग में तैनात हैं। वह अपनी पत्नी बिरला देवी के साथ सोमवार को रिस्तेदारी में इलाहबाद गए हुए हैं। माता पिता की अनुपस्थिति में उनका 13 वर्षीय पुत्र चेतन एवं 10 वर्षीय पुत्र अंकुर अपनी बहन अंशू (16) एवं छोटे भाई अंशुल (8) व रचित (6) को बिना बताए नहर में नहाने के लिए चले आए। नहाते समय दोनो भाई डूबने लगे तो उन्होंने चीखपुकार मचाई। कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए नहर में भी कूदे लेकिन वे उन्हें बचा नहीं सके। मामले की जानकारी ढोलना एवं कासगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनो भाईयों की तलाश में पीएसी के गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने अंकुर के शव को नदरई के निकट से बरामद कर लिया। जबकि चेतन का कोई पता नहीं लग सका। उसकी तलाश पीएसी के गोताखोर लगातार कर रहे हैं। हादसे की सूचना घर पर दी गई। सूचना पर उसकी बहन व छोटे भाई भी मौके पर आ गए। बहन भाईयों का रो-रो कर बुरा हाल था। उन्होंने यह सूचना फोन के माध्यम से अपने माता पिता को इलाहाबाद दी। तहसीलदार मनोज कुमार सिंह भी मौके पर आ गए। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस उनके माता पिता के आने का इंतजार कर रही है।