गांव दहेलिया पूठ में बाइक पर सवार होकर जा रहे मैनपुरी के थाना कुरावली के हिस्ट्रीशीटर जलील की उसके साथी ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। गोली उसके सिर से पार होकर बाइक चला रहे युवक को जा लगी। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद भाग रहे हत्यारोपी ने ग्रामीणों पर भी फायरिंग की। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे दबोच लिया और पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया है।
तीनों के पास से तमंचे बरामद हुए हैं। हत्या के पीछे थाना कुरावली क्षेत्र में हुई फायरिंग की एक घटना को वजह बताया जा रहा है।
जलील (28) मैनपुरी के थाना गांव रीछपुरा का रहने वाला था। वह गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे अपने साथी सलमान (25) और शानू (26) निवासी कौंची डेरा थाना सकीट के साथ बाइक से अलीगंज जा रहा था। थाना जशरथपुर के गांव दहेलिया पूठ के पास पहुंचते ही बाइक पर पीछे पीछे बैठे शानू ने जलील के सिर में गोली मार कर हत्या कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि फायर की आवाज पर जब वे मौके पर पहुंचे तो शानू भाग निकला और पीछा करने पर वह ग्रामीणों पर फायरिग करने लगा। लेकिन ग्रामीणाें ने उसे दबोच लिया। घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। तलाशी लेने पर मृतक, घायल और पकड़े गए युवक के पास से तीन तमंचे बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि करीब दस दिन पहले गांव रीछपुरा में एक फायरिंग की घटना हुई थी। उसमें एक युवक और उसकी बहन गोली लगने से घायल हो गई थी। इसी घटना की रंजिश में हत्या होने की बात सामने आ रही है।
जलील मैनपुरी जिले के कुरावली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मैनपुरी के कुरावाली थाने के अलावा फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर एवं कंपिल थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों जिलों की पुलिस लंबे समय से जलील की तलाश कर रही थी। जलील पर कुरावली थाने में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गांव रीछपुरा के डेराबंजारा का रहने वाला था, उसके खिलाफ थाने में एससी एसटी एक्ट और लूट के दो-दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मारपीट, छेड़खानी की धाराओं में भी रिपोर्ट दर्ज है। जलील और आरोपी शानु दोनों ही बंजारा जाति हैं। शानु भी आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।
एसएसपी एटा राजेश कृष्ण ने बताया कि मृतक जलील के खिलाफ हाल ही में हत्या के प्रयास का मामला मैनपुरी के कुरावली थाने में दर्ज हुआ था। उसी रंजिश के चलते सलमान और शानू गुरुवार को जलील को हत्या के इरादे से लेकर आए थे। लेकिन शानू द्वारा चलाई गई गोली जलील के सिर में लगने के बाद बाइक चला रहे सलमान को जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। जसरथपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए गए हैं।