आगरा रोड स्थित फरिया मोड़ पर गुरुवार शाम बाइक सवार फल विक्रेता को प्राइवेट बस कुचल कर फरार हो गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए मृतक के परिवारीजनों ने आगरा रोड पर शव रख जाम लगाया। काफी देर तक हंगामा करते हुए लोगों ने मुआवजा देने के साथ ही बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जाम लगने से आगरा रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यादव नगर निवासी 30 वर्षीय पुन्नू खां गुरुवार को बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। करीब 5.30 बजे पर रिया मोड़ पर पहुंचते ही आगरा की ओर से तेजी से आई प्राइवेट बस ने युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख जाम लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कई बार शव उठाने की कोशिश की, लेकिन परिवारीजनाें ने शव नहीं उठने दिया। परिवारीजन मुआवजे की मांग और प्राइवेट बस चाल को गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देर शाम तक आगरा रोड पर जाम लगने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी। इसके चलते जाम में फंसे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर बाद सीओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह और एसडीएम रामदास सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे चुके गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस दौरान कई बार हल्का बलप्रयोग भी करना पड़ा।