ततारपुर-अब्बलपुर गांव के समीप साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में रविवार को एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सूखे बंबे में पलट गई। सड़क से कई फीट नीचे बंबे में बस पलटने से एक दर्जन यात्री घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जलेसर से सवारियां लेकर एक निजी बस रविवार की दोपहर एटा आ रही थी। दिन में करीब 12.30 बजे निधौलीकलां थाने के गांव ततारपुर-अब्बलपुर के निकट पहुंचते ही एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का बस से नियंत्रण खो गया। इससे अनियंत्रित हुई बस सड़क से कई फिट नीचे सूखे बंबे में जाकर पलट गई। बस के बंबे में गिरते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। अनहोनी की आशंका से आसपास के लोग भी चीखते-चिल्लाते दौड़े। मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस और अफसरों को देते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे सवारियों को निकालने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इसमें सोनकली पत्नी फूल सिंह निवासी हिंदूनगर कोतवाली नगर, बिट्टो देवी पत्नी नेत्रपाल निवासी रुस्तम पुर, सरला पत्नी चुन्नी लाल निवासी नगला बृजलाल थाना निधौलीकलां, कमला पत्नी उदल सिंह निवासी सूरजपुर थाना औंछा जिला मैनपुरी की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की खबर लगते ही जिलाधिकारी शंभूनाथ भी घायलों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे।