एटीएम को काटने में प्रयोग किए उपकरण बरामद
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र इलाके से एटीएम चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया। आधा दर्जन एटीएम चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 18000 की नदिी, डेढ़ किलोग्राम नशीला पदार्थ और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि 13 फरवरी को सिकंदरपुरवैश्य के छितैरा गांव के कैनरा बैंक की एटीएम मशीन को काटकर चोरों ने एक लाख से अधिक की नकदी चोरी कर ली। चोर एटीएम मशीन खेतों में डालकर छोड़ गए। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम इस मामले के राजफाश में जुटी थी। पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित कर लिया। सूचना पर सर्विलांस प्रभारी लाखन यादव, कोतवाली निरीक्षक पदम सिंह ने अमांपुर रोड से घेराबंदी करके एक इंडिका विस्टा गाड़ी संख्या यूपी 87सी/ 3837 में नशीले पदार्थ की तस्करी के दौरान छह आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए चोरों में नरेश निवासी नगला खंजी, देवेंद्र निवासी मोहल्ला योग मार्ग, सुधाकर निवासी मोहल्ला मढ़ई, सनी सैनी निवासी कटरा मठ, अनेश गुप्ता निवासी मोहल्ला कटरा मठ कसबा सोरों, राहुल निवासी ग्राम कसिमपुर सिकंद्राराऊ को गिरफ्तार किया। इन चोरों के पास से पुलिस ने 18000 की नकदी डेढ़ किलो नशीला पदार्थ बरामद किया। वहीं गाड़ी से गैस सिलेंडर, मशीन कटर भी बरामद किए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी गिरफ्तार चोरों को एटीएम चुराने एवं नशीले पदार्थ की तस्करी के आरोप में जेल भेजा जा रहा है।