अलमारी में रखे करीब बीस लाख के सोने के जेवर, साठ हजार रुपये कैश लूट लिए और फरार हो गए
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
निधौलीकलां कस्बे के साढूपुरा मोहल्ले में रविवार रात पांच बदमाशों ने रिटायर्ड शिक्षक और उसकी पत्नी को बंधक बना 20 लाख के जेवर और हजारों की नकदी लूट ली। जब शिक्षक ने बदमाश का तमंचा छीना तो बदमाशों ने दंपति की जमकर पिटाई करते हुए मुंह में कपड़ा ठूंसकर बंधक बना लिया। वारदात के बाद डरे सहमे दंपति ने जब तक शोर मचाया बदमाश फरार हो चुके थे। पीड़ित ने तहरीर दी।
नगर के मोहल्ला साढूपुरा में साहब सिंह और पत्नी अंगूरी देवी शिक्षा विभाग से रिटायर्ड हैं। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे पांच बदमाश कमरे में घुसे और दोनों को तमंचे के बल पर धमकाते हुए शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। जब पीड़ित साहब सिंह ने एक बदमाश से तमंचा छीनने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद दोनों के हाथ-पैर बांध दिए। आरोप है कि दंपति को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब बीस लाख के सोने के जेवर, साठ हजार रुपये कैश लूट लिए और फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद अंगूरी देवी ने मुंह से कपड़ा निकाल कर शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे। आरोपियों को तलाश भी किया लेकिन वो फरार हो गए थे। सूचना पर सीओ सकीट निवेश कटियार और एसओ ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ करते हुए डॉग स्क्वायड बुलाया। मामले की तहरीर पीड़ित रिटायर शिक्षक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दी।
चार कमरे में, दो छत पर थे बदमाश
पीड़ित ने बताया कि चार बदमाश कमरे में घुस हुए थे ,जबकि दो छत पर खड़े हुए थे। कमरे में घुसे हुए बदमाश अपने मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और जल्दी-जल्दी सामान लूटने की बात कह रहे थे। परिवारीजनों ने बताया कि एक युवक से उनकी रंजिश चल रही है। उसी युवक पर इसका शक जताया है।