तहसील क्षेत्र के गांव बाजनगर में राशन की दुकान से शराब की बिक्री होती थी। इसका खुलासा एसडीएम और सीओ की टीम ने फोर्स के साथ दबिश देकर किया है। मौके पर शराब भट्टी, उपकरण आदि बरामद हुआ है।
उपजिलाधिकारी सुनील कुमार यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र लाल ने शुक्रवार को सहावर, सुन्नगढ़ी एवं अमांपुर पुलिस के साथ बाजनगर छापेमारी की। बताया जाता है कि अफसरों को सूचना मिली थी कि यहां राशन की दुकान की आड़ में अवैध तरीके से शराब बनाकर बेची जाती है। दबिश के दौरान अफसरों को मौके पर कच्ची शराब का निर्माण होता मिला। मौके से 100 लीटर तैयार शराब और 1500 किलोग्राम लहन, शराब बनाने के उपकरण, भट्टी, सिलेंडर आदि मिला है। लोगों ने बताया कि यहां संचालित होने वाली राशन की दुकान का सारा कामकाज राजेंद्र नामक व्यक्ति उसके साथी ही संभालते हैं। वहीं यहां शराब बनाकर बिक्री का भी काम करता है। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की सारी जानकारी जिलाधिकारी को दे दी गई है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थानेदार को निर्देशित कर दिया गया है।