गांव नगला मोच गांव में पांच दिन पूर्व हुई खूनी संघर्ष की दहशत खत्म नहीं हुई थी कि गुरुवार को एक बार फिर गांव में खूनी संघर्ष होने से बच गया। सुधीर की हत्या में फरार आरोपियों ने उसके भाई रक्षपाल की हत्या की नीयर से गोली चलाई। पर, गोली भतीजे के पेट में जा धंसी। जख्मी भतीजे को गंभीर हालत में सैफई हास्पिटल ले जाया गया है। वहीं हत्या जैसे मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
थाना नयागांव के गांव नगला मोच में पांच दिन पहले सुधीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को सुधीर का भतीजा सतेंद्र (8 वर्ष) पुत्र रक्षपाल सिंह पिता के साथ खेत गया था। वहीं पानी पीने जाते समय पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने रक्षपाल पर फायर कर दिया। हालांकि निशाना चूकने से गोली मासूम सतेंद्र के पेट में जा धंसी। हत्या के पांचवें दिन ही जानलेवा हमले से गांव में हड़कंप मच गया। फायर करने का आरोप सुधीर के हत्यारोपी वीरी सिंह आदि पर है। अफरा-तफरी के बीच परिवारीजन जख्मी बेटे को लेकर अलीगंज अस्पताल भागे। जहां चिकित्सकों ने उसे सैफई रेफर कर दिया। मौके पर एएसपी विसर्जन सिंह यादव, एसडीएम रवि प्रकाश श्रीवास्तव सहित अलीगंज क्षेत्र के थानों की फोर्स भी पहुंची। वहीं आरोप है कि सूचना देने के बाद भी काफी देरी से स्थानीय थाने की पुलिस आई। मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज ने एसओ शिवकुमार यादव, एचसीपी संतोष, सिपाही सुरेश को सस्पेंड कर दिया है।
पुलिसकर्मियों ने किया था आगाह
सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने रक्षपाल तथा उनके परिवारीजनों को आगाह भी किया था कि वे सचेत रहे। कुछ दिन पूर्व ही रात में ड्यूटी के दौरान पुलिस को किसी के आने की आहट सुनाई दी मगर जब वे पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। बताया जा रहा है कि फरार आरोपी वीरी सिंह का फोन घर में चार्ज होता मिला है।
खूनी रंजिश में हो चुकी दो हत्याएं
एटा। बता दें कि खूनी रंजिश में अभी तक दो हत्याएं हो चुकी है। कुछ माह पूर्व गांव के ही राधेश्याम की गोली मारकर हत्या हुई जिसमें सुधीर कुमार सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट हुई। 19 मार्च को सुधीर कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि इनकी मां, भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। मामले में बेटे गौतम ने धर्मेन्द्र, उर्वेश, वीरी सिंह, श्याम सहित नौ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें धर्मेंद्र, श्याम को पुलिस ने पकड़ा बल्कि अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे है।
वीरी, उर्वेश ने किया कोर्ट में सरेंडर
एटा। मासूम सत्येंद्र को गोली मारकर घायल करने के बाद आरोपी वीरी सिंह और उर्वेश ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। दो दिन पूर्व फरार आरोपी अमर सिंह को भी पकड़ पुलिस जेल भेज चुकी है। अभी भी मामले में चार आरोपी फरार चल रहे हैं। वहीं गुरुवार को हुई घटना के बाद नगला मोच में एएसपी विसर्जन सिंह खुद घंटों डेरा डाले रहे। वहीं गांव में पीएसी और पुलिस बल भी तैनात है। गुरुवार को विधायक सत्यपाल सिंह राठौर भी गांव पहुंचे। उन्होंने गांववालों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया। वहीं लगातार हुई घटनाओं से पीड़ित परिवार व ग्रामीण दहशत में हैं।