एटा। विकास खंड जलेसर की ग्राम पंचायत गुदाऊ की कार्यवाहक महिला प्रधान बानो पत्नी अख्तर अली को पुलिस ने शुक्रवार की देरशाम घर से गिरफ्तार कर लिया।
ग्राम पंचायत में नामित कार्यवाहक ग्राम प्रधान मूल निवासी पाकिस्तान की हैं। इस प्रकरण की जांच एवं अभिलेखों के सत्यापन के अनुसार पाकिस्तान निवासी बानो का जन्म 1968 में ग्राम अरुआ थाना अछनेरा जनपद आगरा में हुआ था। कुछ समय बाद उनका परिवार पाकिस्तान चला गया। बानो अपने पिता के पारपत्र से भारत में ग्राम अरुआ थाना अछनेरा आगरा में आई थीं।
इनके पिता ने 8 जून 1980 को भारतीय नागरिक अख्तर अली के साथ बानो की शादी कर दी और वे पाकिस्तान चले गये। बाद में बानो के आवेदन पर भारत सरकार द्वारा भारत में वर्षानुवर्ष रहने की अनुमति प्रदान की थी, तभी से बानो अपने पति के साथ ग्राम गुदाऊ में निवास कर रही हैं। इनकी ओर से तथ्यों को छुपाकर कार्यवाहक प्रधान के पद को प्राप्त किया गया था। इस मामले का खुलासा होने के बाद 14 विदेशी अधिनियम सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ और शुक्रवार की देरशाम गिरफ्तार कर ली गईं।