कोतवाली में पहुंचे कुल्हाड़ी की घटना के शिकार हुए घायल- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा/अलीगंज। जमीन के विवाद में सोमवार सुबह एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस हमले में युवक के सिर में चोट आई हैं। जबकि दूसरा साथ भी घायल हुआ है। पीड़ित ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। अन्य वारदात में एक महिला सहित तीन लोग घायल हुए हैं। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना अलीगंज के गांव टपुआ निवासी संजय कुमार का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर सुबह नौ बजे राजेश, अर्जेश उर्फ मुल्ला, श्याम सिंह, जीतू, उपेंद्र, सुमित और विनोद निवासी गांव निरूपुर हाथों में लाठी डंडा, कुल्हाड़ी और तमंचा लेकर घर में घुस आए और हमला कर दिया, कुल्हाड़ी सिर में जा लगी और लहूलुहान हो गया। चीख पुकार पर चाचा रामसेवक बचाने आए तो उनके हाथ में भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। संजय ने बताया कि खेत की मेड़ को बार-बार काटा जाता है, इसका विरोध किया गया था। इसी बात को लेकर राजेश रंजिश मानते हैं। पूर्व में ही आरोपियों ने विवाद किया, जिसे गांव के लोगों ने निपटा दिया था। पीड़ित की ओर से सात लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी गई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। वहीं धारदार हथियार से हमला करने की दूसरी घटना थाना जैथरा के गांव सिकंदरपुर निवासी महावीर सिंह के साथ हुई है। आरोप है कि गांव के ही भूमिराज सहित चार लोगों ने पीड़ित और पुत्रवधू पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। थाना जैथरा में ही सुनील निवासी गांव मोदीनपुर ने गांव के ही धर्मेंद सहित तीन पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जमीन के विवाद को लेकर गांव टपुआ में कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला करके दो लोगों को घायल कर दिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस गांव में आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दे चुकी है, आरोपी हाथ नहीं लगे हैं। अजय भदौरिया, सीओ अलीगंज