एटा। परिजनों की डांट से नाराज होकर एक किशोर ने अपने ही अपहरण की कहानी रच डाली और आवाज बदलकर परिजनों को अपहरण होने की फोन से खबर दे दी। अपहरण की सूचना पिता ने पुलिस को दी। आनन-फानन चार टीमें गठित की गईं और देर रात उसे सकुशल बरामद कर लिया।
एसएसपी सुनील कुमार ने बताया है कि कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मरथरा निवासी ओमप्रकाश बघेल पुत्र बद्रीनाथ ने पुलिस को सूचना दी कि मंगलवार की देर शाम उनके 17 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार का अपहरण हो गया है। किसी ने पुत्र के ही फोन से अपहरण होने की सूचना दी है। तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर राजकुमार को स्वाट एवं सर्विलांस टीम की सहायता लेकर उसकी सकुशल बरामदगी के लिए निर्देशित किया गया।
टीमों द्वारा सीमावर्ती थानों की घेराबंदी कर फोन की लोकेशन ट्रेस की गई और किशोर को देर रात करीब एक बजे मरथरा के पास जंगल से बरामद कर लिया गया। एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि पूछताछ में बालक ने बताया कि परिजनों द्वारा डांटने से वह नाराज होकर घर से चला गया था। गुस्से में जब देर तक घर नहीं गया तो भय सताने लगा कि अब जाने पर माता-पिता उसकी पिटाई न कर दें। इससे बचने के लिए उसने आवाज बदलकर अपने अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस ने किशोर को उसके पिता की सुपुर्दगी में दिया है।