एटा। दुष्कर्म पीड़िता को चिकित्सीय सुविधा न मिलने पर आक्रोशित कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। साथ ही दोषी चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष एकेश लोधी ने बताया कि मारहरा थाना क्षेत्र के गांव ओरनी निवासी 15 वर्षीय बालिका को आरोपियों ने एक मकान में बंधक बनाकर छेड़छाड़ के साथ जान से मारने की धमकी दी थी। जातिसूचक शब्दों से उसे अपमानित किया गया। परिजनों ने दुष्कर्म की भी शिकायत की।
चिकित्सीय जांच के लिए बेटी के साथ जिला अस्पताल पहुंचे पिता को एक्सरे व उपचार की सुविधा भी नहीं मिली। पिता बेटी को कंधे पर उठाए घूमता रहा। बुधवार को किशोरी उपचार के लिए अलीगढ़ भेजी गई है। मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी दोषी चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में नीलिमा राज, अवनीश लोधी, महेंद्र पाल सिंह यादव, अनिल सोलंकी, राम कुमार सक्सेना, शैलेंद्र कुमार आदि प्रमुख हैं। संवाद