एटा। पंचायत चुनाव मतदान के बाद कोरोना संक्रमण तेजी से फैला है। कुल आठ दिनों में 1868 केस मिले हैं। इनमें आमजन के साथ ही कई विभागों के कर्मचारी भी शामिल हैं। जिसके चलते विभागों में सामान्य कार्य मुश्किल हो गया है।
19 अप्रैल से पहले प्रतिदिन 100 से 125 संक्रमण के नए मामले आ रहे थे। 19 अप्रैल को पंचायत चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी, जिसमें सामाजिक दूरी, सैनिटाइजेशन जैसे नियम लागू नहीं हो पाए। इसके बाद से अचानक संक्रमण का ग्राफ चढ़ना शुरू हुआ तो थमने का नाम नहीं ले रहा। स्थिति यह है कि अब प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या तीन गुना तक हो गई है। 19 अप्रैल को कुल संक्रमित केस 3670 थे। 27 अप्रैल को संख्या 5538 हो गई है।