कोविड केयर हेल्पडेस्क पर थर्मल स्क्रीनंग करती महिला पुलिसकर्मी ।
- फोटो : ETAH
एटा। कोविड-19 को लेकर पुलिस दफ्तर पर मंगलवार से कोविड केयर हेल्पडेस्क का शुभारंभ किया गया है। कोरोना वायरस की चिंता को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कोविड केयर हेल्पडेस्क खोलने का निर्णय लिया है। यहां पर आने वाले कर्मचारी और फरियादी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही दफ्तरों में जा सकेंगे।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों तथा जिला मुख्यालय पर आने वाले आगंतुकों को कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी देने के साथ-साथ पुलिस कर्मियों को सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंन, पल्स ऑक्सिमीटर, मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट आदि उपलब्ध कराना है।
जनपद में तैनात पुलिसकर्मी आवश्यकतानुसार जरूरी सामान एवं कोरोना संदेह एवं संक्रमण की स्थिति में प्रारंभिक जांच करा सकेंगे। इन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचना है तो भीड़ भरी जगहों पर जाने से बचें और संक्रमित व्यक्ति से पर्याप्त दूरी बनाएं रखें।
कहा कि पुलिस ऑफिस आने वाले अधिकारी व कर्मचारी कोविड केयर हेल्पडेस्क का उपयोग करें। एसएसपी ने बताया है कि थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही दफ्तर में जाने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। हेल्पडेस्क का उपयोग कोई भी व्यक्ति कर सकता है।