एटा। मार्ग पर चेकिंग दल देख दो रोडबेज बसें नहीं रुकीं और चालक बसों को भगा ले गए। इसकी शिकायत चेकिंग दल ने उच्चाधिकारियों से की। जहां मामले की जांच कराने पर दोनों बसों के परिचालक दोषी निकले। इस पर परिचालकों की संविदा समाप्त की गई है।
सहायक यातायात निरीक्षक प्रवीन कुमार व ऋषि कुमार ने उच्चाधिकारियों को बताया की 22 नवंबर 2020 को अलीगंज-एटा मार्ग पर यूपी 81 एएफ 0830 को गोलाकुआं पर निरीक्षण के लिए रुकने का संकेत दिया गया। जहां चालक द्वारा बस को नहीं रोका गया। चेकिंग दल कार से कंसुरी के पास पहुंच बस को रुकवा लिया गया, लेकिन परिचालक संजय सिंह द्वारा बस का गेट नहीं खोला गया और चालक से बस को ले चलने को कहा गया। जहां बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। मामले की जांच आरएम ने एआरएम कासगंज से कराई। इसमें परिचालक दोषी पाया गया। इस पर परिचालक की संविदा समाप्त कर दी गई है।
वहीं यातायात निरीक्षकों द्वारा शिकायत की गई मैनुपरी-एटा मार्ग पर 23 जनवरी को यूपी 81 एएफ 8744 को चेकिंग के लिए रुकने का संकेत दिया गया। बस रुकी परिचालक जय कुमार बस से नीचे ऊतर कर आए। जब उनसे टिकट मशीन मांगी गई तो उन्होंने नहीं दी। जबकि बस में 39 यात्री मौजूद थे। वहीं यात्रियों ने बताया परिचालक द्वारा पैसे ले लिए गए हैं, लेकिन टिकट नहीं दी गई है। उच्चाधिकारियों द्वारा परिचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया। परिचालक ने चार यात्रियों को बिना टिकट होना बताया। इसी को लेकर परिचालक की संविदा समाप्त की गई है।