सकीट। ब्लॉक क्षेत्र के गांव कुरीना में खेत की मेड़ काटने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। हमले में पिता सहित परिवार के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। रिजोर थाना क्षेत्र के गांव कुरीना निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने खेत पर थे। तभी परिवार के ही साधू सिंह, प्रेमपाल और नंदराम खेत की मेड़ काटने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया।
हमले में राजपाल सिंह, ओमप्रकाश और सुभाष चंद्र सहित चार लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची रिजोर पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सकीट में भर्ती कराया।
जहां उनका उपचार चल रहा है। सीओ सकीट नितीश गर्ग ने बताया कि जमीन के विवाद में दो भाइयों के बीच झगड़ा हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता के साथ छानबीन कर रही है।