एटा। कस्बा धुमरी में एक डॉक्टर द्वारा दो माह के मासूम के कान का ऑपरेशन किया गया इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं डॉक्टर भी क्लीनिक बंद करके फरार है।
गांव सरावल थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज निवासी कमलेश ने बताया है कि 26 अक्तूबर को अपने दो माह के मासूम राहुल का कान के पास हो गई फुंसी का इलाज कराने के लिए थाना जैथरा के कस्बा धुमरी स्थित डॉ. सूबेदार के क्लीनिक पहुंचे थे। उन्होंने बच्चे को देखा और ठीक करने की गारंटी लेते हुए इलाज शुरू कर दिया। पिता का आरोप है कि इलाज के दौरान बच्चे के कान का (चीरा लगाकर) ऑपरेशन कर दिया। चीरा लगाने के बाद खून बंद नहीं हुआ और तबियत बिगड़ने लगी।
शुक्रवार की सुबह जब वह क्लीनिक पर बच्चे को लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए और एक हजार रुपये देकर कहा कि बच्चे का इलाज एटा में करवाओ। शुक्रवार को दोपहर एटा आकर अन्य डॉक्टराें को भी दिखाया पर सभी ने इलाज करने से मना कर दिया। बच्चे को लेकर आगरा पहुंचे, यहां मौत हो गई।
डॉक्टर ने बच्चे के कान के पास चीरा लगाया गया था, इसके बाद खून बंद नहीं हुआ। तबियत बिगड़ने पर रुपये देकर दूसरे चिकित्सक के पास भेज दिया, लेकिन किसी ने इलाज नहीं किया और परिजन आगरा लेकर गए, यहां मौत हो गई। मुकदमा दर्ज कर लिया है मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
विनय कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष जैथरा
धुमरी में एक डॉक्टर द्वारा बच्चे के कान में चीरा लगाकर ऑपरेशन करने की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिली है। मुकदमा दर्ज हो गया है। जांच कराकर चिकित्सक के प्रैक्टिस करने के दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी कि वह झोलाछाप है या नहीं।
अरविंद गर्ग, सीएमओ
-