पहाड़ों पर पड़ी हुई बर्फ का असर यहां के क्षेत्रों में भी दिख रही है। लोग हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड से ठिठुर रहे हैं। पारा 5 डिग्री सेल्सियस पर है। शीतल लहर चलने से धूप भी बेअसर आ रही है। ठंड से बचने को लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं छपरा एक्सप्रेस को 15 फरवरी तक निरस्त कर दिया गया है।
सुबह पाला और तुषार पड़ रहा है। खेतों में फसलों पर तुषार पड़ रहा है। ठंड के चलते ग्रामीण भी कुछ देरी से ही ख्ेातीबाड़ी के काम काज में जुट रहे हैं। वहीं नगरीय इलाकों में भी सुबह देरी से ही बाजार खुल रहे हैं और ग्राहक भी देरी से ही निकलते हैं। रविवार को धूप खिली रहीं लेकिन शीतल लहर के चलते यह धूप भी लोगों को राहत नहीं दे पाई। लोग ठंड से बचने के लिए जगह जगह अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश में लगे रहे।
बाजारों में धूप निकलने के बाद ही ग्राहक नजर आए। तापमान कम रहने से लोग ठंड से काफी परेशान हैं। वहीं किसान भी पाला व तुषार पड़ने से परेशान हैं। उनकी फसलों को खासा नुकसान हो रहा है। जिला कृषि अधिकारी का कहना है कि कम तापमान रहने पर बर्फ के कण फसलों पर जम जाते हैं, इससे पौधों को नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि तुषार के असर को कम करने के लिए हल्की सिंचाई कर देने से फसलों को नुकसान काम होता है। स्टेशन अधीक्षक बीके श्रीवास्तव ने बताया कि खराब मौसम के चलते 15107 एवं 15108 छपरा-मथुरा-एक्सप्रेस को 15 फरवरी तक के लिए निरस्त कर दिया गया है।