मेडिकल कॉलेज में हाथ मे ड्रिप लेकर चक्कर काटती महिला मरीज।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य के आदेश पर मरीजों को भर्ती करने के बाद ही उपचार देने की व्यवस्था की गई। मंगलवार देर शाम कान में दर्द से पीड़ित महिला को भर्ती करके ड्रिप लगा दी गई। इसके बाद किसी ने हाल नहीं पूछा, तो वह हाथ में ड्रिप लेकर कर्मचारियों की तलाश में चक्कर काटती रही।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव नगला सैंया निवासी बिट्टन देवी कान में दर्द होने पर मंगलवार देर शाम मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। यहां पर इमरजेंसी में भर्ती के कागज बनाकर एमसीएच विंग भेज दिया गया। जहां उसे भर्ती कर ड्रिप लगाकर उपचार शुरू किया गया। कुछ समय बाद ड्रिप बंद हो गई। महिला का आरोप है कि ड्रिप बंद होने के बाद स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाती रही, लेकिन कोई नहीं आया।
काफी समय तक परेशान होती रही। इसके बाद उठकर एक हाथ से बोतल पकड़ी और परिसर में आकर कर्मचारियों को तलाशने लगी। यहां कोई न मिलने पर इमरजेंसी वार्ड पहुंची। जहां मौजूद कर्मचारियों ने ड्रिप सही की। इसके बाद महिला फिर एमसीएच विंग पहुंची। बिट्टन देवी का कहना है कि वह दिन में तीन बजे मेडिकल कॉलेज आ र्गइं थी। इसके बाद भर्ती करने के नाम पर फाइल इधर-उधर लेकर भटकती रहीं और कई लोगों के हस्ताक्षर भी कराने पड़े।
चिकित्सक का महिला मरीज से उलझने का वीडिया वायरल
मेडिकल कॉलेज में बुधवार सुबह एक महिला उपचार के लिए आई। चिकित्सक और महिला मरीज के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। मरीज शुगर की दवा न लिखने की बात कह रही है। जबकि चिकित्सक मरीज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं।
पैथोलॉजी में हुआ शॉर्ट सर्किट, नहीं हुई जांचें
मेडिकल कॉलेज में स्थित पैथोलॉजी लैब में मंगलवार रात शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके चलते लैब की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। बुधवार को मरीजों की जांचें भी नहीं हो सकी। दोपहर बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकी, लेकिन तब तक जांच का समय समाप्त हो चुका था।