आयुष्मान पखवाड़ा को लेकर जानकारी देते सीएमओ ।
- फोटो : ETAH
एटा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जन आरोग्य के पात्रों के कार्ड बनाने के लिए 18 मई तक पखवाड़ा चलाकर कार्ड बनाए जाएंगे। कार्ड बनने के बाद पात्रों को पांच लाख तक की मुफ्त चिकित्सा का लाभ सालाना मिल सकेगा।
सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि चार मई से आयुष्मान पखवाड़ा शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में अंत्योदय कार्ड धारक और भवन निर्माण कार्य करने वाले श्रमिकों को पात्र माना गया है।
बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में 86702 परिवारों में से 108844 के कार्ड बनाए जा चुके हैं। जबकि मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के 5334 परिवारों में से 4222, अंत्योदय कार्ड धारक के 27048 परिवारों में से 12335 और पात्र श्रमिकों के 7661 परिवारों में से 840 सदस्यों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। 18 मई तक चलने वाले पखवाड़ा में 95 सीएचओ, पीएचसी और सीएचसी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया है।
सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5640 लाभार्थियों ने निजी अस्पतालों में इलाज कराया है। जबकि सरकारी अस्पताल में 466 को इलाज देकर स्वस्थ्य किया गया है। योजना के तहत क्रिश्चियन आई अस्पताल, श्री रूप किशोर गौतम मानव सेवा संस्थान जलेसर, संपूर्ण नेत्र चिकित्सालय डेंटल इंप्लांट एंड सर्जरी सेंटर को संबद्ध किया गया है।