एटा। दावत खाने जा रहे एक युवक और उसके दोस्त पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र में गांव अहमदाबाद पेट्रोल पंप के पास कार सवार युवकों ने पहले बाइक में टक्कर मारी। फिर लाठी-डंडों, हॉकी और लोहे की सरियों से जमकर पीटा। हमले के दौरान आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग भी की।
कोतवाली देहात के गांव वाहनपुर निवासी राहुल कुमार ने प्राथमिकी में लिखा है कि 3 फरवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने दोस्त आनंद के साथ वीडी गार्डन में दावत खाने जा रहा था। जैसे ही अहमदाबाद पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा।
तभी पीछे से आई एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि कार सवार कुनाल, रिकी उर्फ रौकी यादव, अरुण, अविनाश, अनुज, अभिषेक, आर्यन और गुलशन गिरी हाथों में लाठी, डंडे, हॉकी और सरिया लेकर टूट पड़े। जान से मारने की नीयत से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे आनंद को भी पीटा।
यह देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बचाने की कोशिश की तो आरोपी रिकी उर्फ रौकी ने कमर से तमंचा निकालकर राहुल पर फायर कर दिया। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपियों ने हवा में फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।