एटा। मेडिकल कॉलेज में सोमवार को एक बस चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इसके अलावा दो मरीज जांच में मलेरिया पीड़ित मिले जिन्हें सामान्य वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में कुल 1600 मरीजों ने विभिन्न बीमारियों का उपचार कराया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सोमवार की रात करीब 1 बजे महेश (60) निवासी गली करबला को लाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुत्र नीतेश कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे पिताजी के सीने में तेजी से दर्द हुआ।
दर्द की घर पर ही दवा खिला दी लेकिन कोई आराम नहीं मिला। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए जहां चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की वजह से मृत्यु होने की बात कही। बताया कि वह स्कूल की बस चलाते थे। वहीं, मेडिसिन विभाग की ओपीडी में बुखार, पेट दर्द के करीब 400 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे। यहां पर गंभीर बुखार के मरीजों की जांच कराई गई जिसमें दो मरीज मलेरिया के मिले।
चिकित्सकों ने बताया किशोरी लाल निवासी चिलासनी को चार दिन से बुखार आ रहा था। उसकी जांच कराई गई जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई। वहीं, सचिन निवासी कवार भी बुखार की दवा लेने के लिए आया था। जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई। सामान्य वार्ड में सोमवार को 60 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था।