सकीट। प्राइवेट बस में केबल फंसने से रविवार सुबह 9 विद्युत खंभे टूट गए थे। लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। तबसे ध्वस्त हुई विद्युत आपूर्ति सोमवार को देर शाम तक सुचारू नहीं हो सकी। निगम के कर्मचारी पूरे दिन मरम्मत में जुटे रहे। बिजली न मिलने से लोग परेशान रहे।
रविवार को नगर के आंबेडकर पार्क के पास प्राइवेट बस से यह हादसा हुआ था। जिसमें एक बालक सहित दो लोग घायल भी हो गए थे। काफी नुकसान हुआ। कई मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार को नए खंभे कस्बे में पहुंचाए गए। जिसके बाद कर्मचारियों ने खंभों को लगाना और इन पर लाइन डालने का काम शुरू किया, लेकिन देर शाम तक काम पूरा न होने से आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
अवर अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि खंभे टूटने से विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो पा रही है। जल्द सुचारू कराने के लिए खंभे आदि सामान आ चुका है। कर्मियों द्वारा गड्ढे खोदकर इन्हें लगाना शुरू कर दिया गया है। जल्द ही सभी खंभे लग जाएंगे और आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।