एटा। बेवर फीडर नहर पर पुल नहीं होने की वजह से कई गांवों के लोगों को काफी दूरी तय करके अपने खेतों व आसपास के क्षेत्रों में पहुंचना पड़ता है। क्षेत्रीय विधायक के सामने लोगों ने समस्या को उठाया तो उनके प्रयास पर मंजूरी मिल गई है। यहां दो पुल बनने से करीब 10000 लोगों को लाभ मिलेगा।
मारहरा विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नहर बेवर फीडर पर पड़ने वाले गांव लालपुर ब्लॉक शीतलपुर के लोगों को अपने खेतों तक पहुंचने में काफी असुविधाएं होती थी। यहां पर पुल बनाने की मांग काफी लंबे समय से क्षेत्रीय लोग करते आ रहे थे, लेकिन पुल के अभाव में समस्याएं कम नहीं हो रही थी। क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी को लोगों ने समस्या से अवगत कराया। उन्होंने शासन में गांव के लोगों की असुविधाएं के मुद्दे को उठाया। इसके बाद मंजूरी मिल सकी। इसी तरह से गांव अथैया पर भी एक पुल बनाया जा रहा है। इस पुल से महुअट, नगला प्रेमी, मऊ तालुका और बरौली आदि गांवों के लोगों को लाभ होगा।
अथैया के पास नहर के दूसरी ओर पैराणिक चौडेश्वर मंदिर है। यहां पहुंचने के लिए लोगों को काफी असुविधाएं होती हैं। एक पुल का निर्माण कार्य कराने में करीब 50 लाख रुपये खर्च होंगे। अधिशासी अभियंता तुषारकांत राजन ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक की पहल पर दोनों पुलों को मंजूरी मिल गई है। विधायक से भूमि पूजन करा लिया गया है और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पुल बनने के बाद 10 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलने लगेगा।