गोली मारकर अज्ञात युवक की हत्या, शव फेंका
अमांपुर-सहावर मार्ग पर पुलिया के नीचे मिला शव
युवक से जेब में मिले सकीट क्षेत्र के तीन मोबाइल नंबर
युवक की कनपटी सीना और माथे पर मारी गई तीन गोलियां
अमर उजाला ब्यूरो
कासगंज के अमांपुर क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक के शव को पंचनामा भरकर पीएम को भेज दिया गया। युवक की जेब से एक पर्ची पर मिले सकीट के मोबाइल नंबरों को लेकर पुलिस की युवक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
थाना पुलिस को पूर्वाह्न के समय अमांपुर सहावर मार्ग की नगला देशी के पास बनी पुलिया के नीचे युवक का रक्त रंजित शव पड़े होने की सूचना मिली। अमांपुर पुलिस शव की सूचना पर मौके पर पहुुंच गईं। युवक की कहीं ओर हत्या करके शव पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। हत्यारों ने युवक को तीन गोली मारी हैं।
एक गोली युवक की कनपटी, दूसरी गोली युवक के माथे, जबकि तीसरी गोली युवक के सीने पर मारी गई है। सूचना पर बड़ी संख्या में आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने युवक का शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि युवक की हत्या कहीं ओर करके शव को पुलिया के नीचे डाला गया है। युवक काले रंग की जाकेट, नीले रंग की जींस और ब्राउन कलर का जूता पहने हैं। उसके हाथ पर दिल का निशान है। उम्र लगभग 25-26 वर्ष की है।