एटा। तीसरे दिन की बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण रहीं। डीआईओएस के अलावा डीएम-एसएसपी ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। सुबह की पाली में संपन्न हाईस्कूल गृह विज्ञान एवं इंटर आलेखन कला की परीक्षा में 1386 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विद्या निकेतन इंटर कॉलेज वाहनपुर पर कक्षों में अंधेरा था। साथ ही कक्ष निरीक्षकों पर आईकार्ड नहीं थे। केन्द्र व्यवस्थापक को कक्षों में समुचित रोशनी की व्यवस्था के निर्देश के साथ आईकार्ड लगाने के भी निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरा, वायस रिकार्डर के क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार सुबह की पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान एवं इंटर कला की परीक्षा संपन्न हुई। वहीं शाम की पाली में भौतिक विज्ञान विज्ञान की परीक्षा संपन्न हुई। नकल विहीन परीक्षाओं के लिए डीआईओएस एमपी सिंह ने अलीगंज के आधा दर्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इस अवसर पर केंद्रों पर पेपर व उत्तर पुस्तिकाओं का सत्यापन किया।
डीएम सुखलाल भारती व एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने द्वितीय पाली में इंटर भौतिक विज्ञान, भूगोल की परीक्षाओं को देखा। राजमाला यादव इंटर कॉलेज कुठिला, एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए।
नहीं मिल रही अनवरत बिजली, कैसे करें रोशनी की व्यवस्था
शासन के आदेश के बाद भी ग्रामीण खंड तो दूर शहरी क्षेत्र को भी अनवरत विद्युत आपूर्ति नहीं मिल रही। इसके चलते परीक्षा केंद्रों पर रोशनी, सीसीटीवी व अन्य व्यवस्थाओं में परेशानी हो रही है। प्रधानाचार्य मनोज तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी लगने के बाद अधिकांश विद्यालयों ने इनवर्टर लगवा लिए हैं लेकिन बिजली न आने से इसके चार्जिंग की समस्या रहती है।