अग्निशमन व्यवस्थाओं की पोल खुल रही है। शुक्रवार को रिजोर थाना क्षेत्र के गांव गुमानपुर में आग बुझाने पहुंची दमकल में पानी नहीं था। ग्रामीणों का आक्रोश देखकर बिना प्रयास किए ही दमकल वापस लौट गई। जब तक गाड़ी दोबारा पहुंचती तब तक यहां सब कुछ जलकर राख हो चुका था। शुक्रवार दोपहर दो बजे लगी आग से कई भूसे के ढेर तथा उपलों के बिटोर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आकर पशु भी झुलस गए।
थाना रिजोर के गांव गुमानपुर में कई ग्रामीणों के भूसे के ढेर तथा बिटौर लगे हुए हैं। दोपहर करीब दो बजे महीपाल के बिटौर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पलभर में ही पास में ही लगे खेतपाल, ध्रुव सिंह, नरेश चंद्र, रामेश्वर सिंह, नेमसिंह, गंगा प्रसाद, मुन्नालाल के बिटौरा, भूसे के ढेर में भी आग लग गई। एकत्रित हुए ग्रामीणाें ने दमकल को सूचना देते हुए खुद आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के अनुसार जब दमकल मौके पर पहुंची तो उसमें पानी ही नहीं था। इससे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। आक्रोश बढ़ता फायरककर्मी दमकल वापस ले गए। तत्काल दूसरी गाड़ी बुलाई गई। जब तक दूसरी गाड़ी पहुंचती, खेतों पर लगे बिटौर, भूसे के ढ़ेर पूरी तरह से जलकर राख हो गए थे। विभाग के किलाफ ग्रामीणों में गुस्सा देखा गया। उनका कहना था कि गाड़ी में पानी होता, शायद आग इतनी नहीं बढ़ती।