एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार दोपहर रेलवे रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर बैठे किशोर की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आगरा रेफर किया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर गांव नगला मिली निवासी उपेंद्र ने बताया कि उसका 14 वर्षीय भतीजा सचिन अपने चचेरे भाई 19 वर्षीय संदीप के साथ बाइक से एटा जा रहा था।
इस दौरान रेलवे पुल के पास स्थित धर्मकांटा के सामने एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को मेडिकल कॉलेज लेकर आई। जहां चिकित्सक ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। जबकि संदीप को आगरा रेफर कर दिया गया। कोतवाली देहात प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।