फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etah News: घंटा बनाने वाले कारीगरों का अयोध्या में सम्मान

Wed, 10 Jan 2024 11:40 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
विज्ञापन
एटा। अयोध्या के लिए 2400 किलो अष्टधातु का बेजोड़ घंटा तैयार करने वाले कारीगरों को भी अयोध्या में सम्मान मिला है। उन्हें उनके इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विज्ञापन



यह घंटा जलेसर के सावित्री ट्रेडर्स कारखाने में तैयार किया गया था। इसमें 50 से अधिक श्रमिकों ने योगदान दिया। मुख्य रूप से 8 कारीगरों ने इसे तैयार किया। घंटा तैयार होने के बाद इन सभी कारीगरों को शोभायात्रा में साथ ही रखा गया। मुख्य कारीगर दाऊदयाल कुशवाहा की टीम में पूरन, मनोज, उमेश, पुष्पेंद्र, पवन, अमन और श्याम शामिल रहे। न सिर्फ शोभायात्रा, बल्कि उन्हें अयोध्या धाम तक ले जाया गया। घंटा निर्माता आदित्य मित्तल ने बताया कि घंटा बनाने में इन कारीगरों की विशेष भूमिका रही है। अयोध्या जाना उनका हक बनता था। इसलिए उन्हें साथ में लेकर गए। बताया कि मंगलवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को यह घंटा सौंपा गया। जहां इन कारीगरों को सम्मानित किया गया।


कारोबारी ने बताया कि मंगलवार रात को यह घंटा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के सुपुर्द कर दिया गया था। बुधवार को इसे वाहन से उतारा गया। फिलहाल इसे कारसेवकपुरम में रखवाया गया है। मंदिर निर्माण पूरा होने पर इसे मुख्य परिसर के सामने लगाने की बात बताई गई है।
विज्ञापन




रामलला के दर्शन कर अभिभूत हुए कारोबारी और कारीगर
आदित्य मित्तल ने बताया कि रात के समय घंटा ट्रस्ट को दिया गया। इसके बाद सभी लोगों के ठहरने की व्यवस्था मंदिर परिसर में ही की गई थी। सुबह के समय रामलला की आरती में सम्मिलित होने का सौभाग्य मिला। प्रभु के दर्शन कर हम सभी अभिभूत हो गए।








राम दरबार मंदिर में अयोध्या की झलक दिखाने का होगा प्रयास
एटा। अयोध्या के भव्य राममंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी। तो जीटी रोड स्थित शहर के प्रमुख राम दरबार में इस दिन दीपोत्सव मनाया जाएगा। अयोध्या की झलक दिखाने का प्रयास होगा। खास तरह की सजावट की जाएगी।

मंदिर के महंत दिनेश महाराज ने बताया कि मंदिर से पूरे शहर के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। भगवान राम से जुड़े हर अवसर पर यहां आयोजन किए जाते हैं। जिसमें तमाम लोग दर्शन, पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। 22 जनवरी का दिन भी काफी महत्वपूर्ण रहेगा। अयोध्या मंदिर की आकृति वाली सजावट पर विचार किया जा रहा है। वहीं भक्तों को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का संजीव प्रसारण दिखाया जाएगा। मंदिर परिसर में ऐसे आयोजन से भक्तजनों को सुखद अनुभूति होगी।

दो दिन पहले से मंदिर की साज-सज्जा शुरू करा दी जाएगी। जबकि 22 को मंदिर में दिन भर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 7 बजे प्रभु श्रीराम, सीता माता, हनुमान जी और लक्ष्मण जी का दुग्ध स्नान कराया जाएगा। जबकि 7.30 बजे से हवन कराया जाएगा। जिसमें सभी लोग लोक कल्याण के लिए आहुतियां देंगे। दिन में प्राण प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण होगा। शाम को दीपक जलाए जाएंगे। 6.30 बजे से हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ किया जाएगा। जबकि 7 बजे महाआरती की जाएगी। इसके बाद भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।



रामलला के दर्शन करने हरियाणा से पैदल चला रामभक्त
जैथरा। मेरे मन में हैं राम, मेरे तन में हैं राम, इसी मंत्र को रटते हुए हरियाणा से एक रामभक्त रामलला के दर्शन के लिए पैदल ही निकल पड़ा। दिल्ली में एक और साथी मिल गया। अब दोनों पदयात्रा करते हुए अयोध्या जा रहे हैं। जो बुधवार को कस्बे से होकर गुजरे।
हरियाणा के झज्जर जनपद के गांव रइया निवासी संदीप सिंह हाथ में श्रीराम का ध्वज लेकर प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे हैं। बताया कि दिल्ली पहुंचने पर उन्हें नजफगढ़ के गांव झड़ौदा निवासी मुकेश मिले। वह भी अयोध्या जा रहे थे। ऐसे में हम दोनों साथ हो लिए। 10 जनवरी को सुबह जैथरा से श्रीराम का जयकारे लगाते हुये निकले। थाना गेट पर उपनिरीक्षक जयकिशन, संदीप कुमार आदि लोगों ने दोनों रामभक्तों का स्वागत किया। जलपान कराया और फिर रवाना किया। संदीप ने बताया कि हमने श्रीराम के दर्शन के लिए दो जनवरी को पैदल यात्रा शुरू की है। श्रीराम हमारे आराध्य हैं और राम में ही आस्था है। हमें पैदल चलने में वो ही शक्ति दे रहे हैं। बताया कि कोई समय निर्धारित नहीं किया है। जब भी अयोध्या पहुंच जाएं, श्रीराम के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा।



जेल काटने के बाद मिला था मुक्ति का प्रमाणपत्र
एटा। जिले से 1992 में कारसेवा के लिए काफी संख्या में लोग अयोध्या गए थे। कुछ लोगों को कारसेवक होने की वजह से जेल काटनी पड़ी। इन्हीं में से एक निधौली कलां के प्रवेश बाबू गुप्ता हैं। उन्होंने रामलला के लिए 17 दिन की जेल की सजा भुगती थी। जेल से छूटने के बाद इनको प्रमाणपत्र भी दिया गया था।
प्रवेश बाबू ने बताया कि 1992 में जब कारसेवकों ने बाबरी मस्जिद का विध्वंस किया तब प्रदेश में माहौल काफी गरमा गया था। कारसेवकों को पकड़-पकड़ कर जेल में डाला जा रहा था। हमने 6 दिसंबर को अन्य 16 साथियों के साथ गिरफ्तारी दी थी।
निधौली कलां पुलिस ने पहले हमको थाने में ही रखा। फिर एटा जिला कारागार भेज दिया। जब वहां कुछ ठीक नहीं लगा तो सभी कारसेवकों को मैनपुरी की जिला जेल में बंद कर दिया गया। एक दिन बाद पास ही बनी बच्चा जेल में डाल दिया गया। कुल मिलाकर सभी लोग 17 दिन तक जेल में रहे। देवेंद्र ने बताया कि वहां किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। यहां हमारे साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हुए लगभग 5000 से अधिक कारसेवक बंद थे। सभी को छूटने पर प्रमाणपत्र दिया गया था। जो आज भी हमारे पास सुरक्षित है।




भोजन व भजन कीर्तन के लिए मिलती थी 2 घंटे की छूट
प्रवेश बाबू बताते हैं कि मैनपुरी की बच्चा जेल में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं थी। यहां खाने-पीने व भजन कीर्तन के लिए 2 घंटे की छूट भी दी जाती थी। इसके अलावा जब जेल से निकले तो मैनपुरी से निधौली कलां तक कई स्थानों पर स्वागत-सत्कार भी किया गया।





12 जनवरी से मनाएंगे दिवाली
प्रवेश बाबू ने कहा कि अब रामलला अपने घर में प्रतिष्ठित होंगे तो सभी मिलकर जश्न मनाएंगे। 22 जनवरी तक प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ होगा। अखंड रामायण भी कराएंगे। इसके साथ ही घी के दिए जलाकर दिवाली मनाएंगे।



अक्षत लेकर पहुंचे रामभक्त, लोगों ने तिलक लगाकर किया स्वागत
अवागढ़। संघ व विहिप कार्यकर्ता अक्षत लेकर घर-घर पहुंच रहे हैं। लोग भी उनका उत्साह से स्वागत कर रहे हैं। बुधवार को घरों पर पहुंचे रामभक्तों का तिलक लगाकर लोगों ने स्वागत किया।
अयोध्या में जैसे-जैसे प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा की तिथि नजदीक आती जा रही है। हिंदू समाज में जनजागरण व आस्था का ज्वार उठता जा रहा है। गलन भरी सर्दी के बावजूद रामभक्त सुबह 6 बजे ही घरों से निकलकर कस्बे में घर-घर पहुंच रहे हैं। बुधवार को विश्व हिंदू परिषद व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने वार्ड संख्या 2 के मोहल्ला सिंघाड़ियान व वार्ड 3 के मोहल्ला कोलियान में टोलियां बनाकर संपर्क किया और अक्षत वितरित किए। लोगों ने 22 जनवरी को हर घर दिवाली मानने का संकल्प लिया।
तमाम हिंदू परिवारों ने रामभक्तों का तिलक लगाकर स्वागत किया। संघ के पूर्व नगर कार्यवाह सुभाष वार्ष्णेय ने कार्यकर्ताओं का तिलक लगाकर और माला व पटका पहनाकर स्वागत किया। अतर सिंह राजपूत, अमर सिंह मथुरिया, गणेश वार्ष्णेय, रोहित मंडपुरा, सतीश कश्यप, उमेश सविता, विवेक दुबे आदि मौजूद रहे।




राजा का रामपुर में भी दिख रहा अक्षत वितरण का उत्साह
राजा का रामपुर। हर घर अक्षत निमंत्रण के रूप में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। गांव लुहारीखेड़ा, मोर्चा नहर में भाजपा एवं संघ कार्यकर्ताओं ने अयोध्या से आए अक्षत व राम मंदिर के चित्र और पत्रक घर घर पहुंचाए। भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राठौर ने बताया की अयोध्या से अक्षत कलश आए थे। नगर कार्यवाह दिलीप गुप्ता, लोकेश शुक्ला, अखिलेश सिंह राठौर, सत्यव्रत मिश्रा, रजत कश्यप, आशुतोष तिवारी आदि लोग मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें