एटा। थाना सकीट के गांव भगवंतपुर में एक मजदूर को मिस्त्री से मजदूरी के रुपये मांगना भारी पड़ गया। राजमिस्त्री व इसके भाई-भतीजे ने उसको जमकर पीटा। मेडिकल कॉलेज से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई।
ओमप्रकाश निवासी भगवंतपुर ने बताया कि मेरे पुत्र विद्याराम व वेदसिंह गांव के ही राजमिस्त्री नानक चंद के साथ मजदूरी करने जाते थे। इनकी मजदूरी के 10 हजार रुपये नानक पर थे। बुधवार को अपने मजदूरी के रुपये मांगने गए। नानक चंद ने मजदूरी के रुपये देने से मना कर दिया और गालीगलौज करने लगा। इतने में नानक का बड़ा भाई किशोरी लाल और भतीजा राजेंद्र भी आकर गालीगलौज करने लगे।
विरोध करने पर इन लोगों ने विद्याराम और वेदसिंह को बहुत बुरी तरह से पीटा। चीख-पुकार सुनकर मैं भी वहां पहुंचा तो इन तीनों ने मुझे भी मारा। हम तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वेद सिंह (40) के काफी गंभीर चोटें आई। उसको लेकर हम स्वास्थ्य केंद्र सकीट पहुंचे। चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां वेद सिंह की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को वेद सिंह की मौत हो गई।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।