अवैध शराब की बिक्री पर भड़कीं महिलाएं, प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
बांकनेर गांव में अवैध शराब की बिक्री पर गुरुवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को मामले की शिकायत मिली तो उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस एवं आबकारी अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोनों ही टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से शराब और खाली शराब की बोतलें बरामद कर लीं। इस दौरान विक्रेता मौके से भाग गए।
कलक्ट्रेट पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि गांव में बिना लाइसेंस के शराब बिक रही है। इसमें गांव के ही लोग शामिल हैं। शराब पीने
के बाद लोग आपस में मारपीट करते हैं। साथ ही महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। वहंा गुजरना मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में गांव में कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबार को बंद कराने की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वह मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की। इस पर डीएम ने पुलिस की टीम को बांकनेर में छापा मारकर मामले में जानकारी देने के निर्देश दिए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताए गए स्थान से अवैध शराब बरामद की। आबकारी टीम के अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्ताव ने बताया कि मौके से 15 क्वाटर अवैध शराब एवं 30 क्वाटर शराब की रिक्त बोतलें बरामद की गई हैं। बताया गया कि किसी अन्य स्थान पर आरोपी अपना स्टॉक रखते हैं और थोड़ा थोड़ा लाकर बिक्री करते हैं। सभी आरोपी कार्रवाई के दौरान फरार हो गए। कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।