एटा। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के मतदान का दिन करीब आ गया है। 19 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा। इसे लेकर चुनाव प्रचार चरम पर है। विशेष तौर से अध्यक्ष और महासचिव पदों के लिए घमासान मचा हुआ है।
बार कार्यकारिणी में सबसे अधिक महत्वपूर्ण पद अध्यक्ष और महासचिव के होते हैं। अध्यक्ष पद के लिए आदित्य कुमार मिश्रा, संदीप मिश्रा और रमेश बाबू यादव मैदान में हैं। जबकि महासचिव पद के लिए जितेंद्र वार्ष्णेय, अवधेश कुमार शाक्य, रोहित पुंढीर, संजय उपाध्याय के बीच मुकाबला है। प्रचार में सबसे अधिक ताकत इन पदों के प्रत्याशियों द्वारा ही झोंकी जा रही है। बृहस्पतिवार को कचहरी परिसर में सुबह से ही प्रत्याशियों ने प्रचार शुरू कर दिया। एक-एक चैंबर पर जाकर वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इसके अलावा शाम को घर-घर पहुंचकर भी वोट मांगे।
एल्डर कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार एवं मुख्य चुनाव अधिकारी नारायण भास्कर ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के स्पष्ट निर्देश हैं कि सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रेक्टिस) कार्ड के बिना वोट नहीं डलवाया जाए। ऐसे में प्रत्येक मतदाता अधिवक्ता को अपना सीओपी कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। अगर कोई अधिवक्ता बिना कार्ड के वोट डालने आएंगे तो मतदान नहीं करने दिया जाएगा
यह भी बताया कि चुनाव के चलते प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ता जनसंपर्क में व्यस्त हैं। किसी भी वादकारी का हित प्रभावित न हो इसलिए एल्डर कमेटी द्वारा शुक्रवार को नो एडवर्स ऑर्डर का प्रस्ताव अदालतों में भेजा जाएगा। मतदान वाले दिन 19 अक्टूबर को अधिवक्ता अदालती कामकाज नहीं करेंगे। इसका प्रस्ताव जनपद न्यायाधीश समेत प्रत्येक अदालत को भेज दिया गया है। सहायक चुनाव अधिकारी नारायण जी पांडे, रविकांत मिश्रा, बाबूराम, भूपेंद्र पाल सिंह सिसोदिया मौजूद रहे।