अवागढ़। थाना क्षेत्र के गांव बावली निवासी युवक की बाइक की टक्कर से सोमवार रात मौत हो गई। युवक परिवार की दादी के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर घर वापस जा रहा था। नगला मादो निवासी बृजपाल ने बताया कि सोमवार को उसकी दादी का त्रयोदशी संस्कार गांव में था। पास के ही गांव बावली निवासी तहेरे भाई 41 वर्षीय नरसिंह पाल भी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सोमवार रात करीब नौ बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह पैदल घर जाने के लिए निकले।
गांव से कुछ दूरी पर सड़क पार करते समय एक बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर रात में मेडिकल कॉलेज आए, यहां चिकित्सक ने मृत बता दिया। अवागढ़ थाना प्रभारी फूलचंद्र ने बताया कि परिजन द्वारा बाइक की टक्कर से युवक की मौत होना बताया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।