बैंक शाखाओं की सुरक्षा में लापरवाही
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हाईवे किनारे स्थित केनरा बैंक की शाखा में सोमवार को दिनदहाड़े हुई लाखों की डकैती के बाद भी पुलिस ने सबक नहीं सीख रही। मंगलवार को केनरा बैंक शाखा के बाहर पुलिस तैनात दिखी, जबकि बाकी की बैंक शाखाओं के बाहर सुरक्षा तार-तार दिखाई दी। बैंक अधिकारी भी सीसीटीवी कैमरे और प्राइवेट सुरक्षा गार्ड के भरोसे रोजाना करोड़ों का लेनदेन कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार जिस केनरा बैंक की शाखा में डकैती हुई उस बैंक के सीसीटीवी कैमरे गूगल से कनेक्ट नहीं थे। पुलिस का कहना है कि यदि कैमरे गूगल से कनेक्ट होते तो बदमाशाें के डीवीआर ले जाने पर भी कैमरे का डेटा रिकवर करा कर बदमाशों की शिनाख्त करना और आसान हो जाता।
केनरा बैंक में लाखों रुपये कैश और पौने दो किग्रा सोना लूटने की वारदात के बाद पुलिस बैंक शाखाओं की सुरक्षा में लापरवाही बरत रही है। आलम यह है कि जहां बैंक अधिकारी शाखाओं में लगे सीसीटीवी कैमरे और निजी सुरक्षा गार्ड के भरोसे रोजाना करोड़ों का लेनदेन कर रहे हैं, वहीं पुलिस ने भी बैंकों शाखाओं की सुरक्षा उनके निजी गार्ड्स और सीसीटीवी कैमरे के भरोसे छोड़ दी है। मंगलवार को अमर उजाला टीम ने बैंक शाखाओं की सुरक्षा को जायजा लिया तो हालात बदतर दिखाई दिए। एटीएम सेंटर पर तो सुरक्षा गार्ड तैनात दिखे, लेकिन बैंक शाखाओं में आने वाले लोगों पर नजर रखने वाला कोई पुलिस कर्मी दिखाई नहीं दिया। मंगलवार को सुबह 11 से तीन बजे तक इलाहाबाद बैंक, ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त, पीएनबी, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक शाखा के बाहर सुरक्षा के लिए कोई पुलिस कर्मी दिखाई नहीं दिया। जबकि कलक्ट्रेट स्थित ओबीसी, एसबीआई शाखा के बाहर पुलिस कमी दिखाई दिए। कई बैंक शाखाओं में सीसीटीवी खराब पड़े हैं, जबकि कई बैंकों के सीसीटीवी कैमरे गूगल से कनेक्ट नहीं हैं। लेकिन सोमवार को हुई लाखाें की डकैती के बाद बैंक अधिकारी कैमरे संभलवाने और गूगल से कनेक्ट कराने की बात करते दिखाई दिए।