बुधवार की सुबह एटीएम काटकर रुपये निकालने की बड़ी घटना उस समय होने से बच गई, जब सक्रिय हुई पुलिस ने मौका ए वारदात पर आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से मशीन काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। दूसरी ओर पुलिस ने मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे।
कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मुखाबिर से सूचना मिली कि जीटी रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को एक बदमाश काट रहा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। कब्जे से पुलिस ने ड्रिल मशीन, दो आरी की पत्ती, कटर व बैग बरामद किया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राजू उर्फ लवकुश निवासी रामपुर घनश्यामपुर कोतवाली देहात हाल पता आगरा रोड स्थित एक कालेज पास निवासी बताया है। आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मशीन में लाखों रुपये का कैश था, जिसे निकालने में वह नाकामयाब रहा।
दूसरी ओर, मंगलवार शाम तहसील सदर से मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को पुलिस ने बस स्टैंड से पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी भागने में सफल रहे। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम मोनू निवासी सुनहरी नगर, जबकि भागने वाले बदमाश का नाम टीटू निवासी नगला धनी कोतवाली देहात बताया है। पूछताछ के दौरान बदमाश ने कबूल किया कि गत पांच नवंबर को आगरा रोड से एक महिला के गले से चेन, 16 दिसंबर को जेल रोड पर रिक्शा से जा रही महिला से पर्स छीना था। इसके अलावा जनपदीय पुलिस ने मंगलवार को अभियान चलाकर 50 लीटर से अधिक शराब बरामद की।
पूर्व में भी हो चुकीं एटीएम से रुपये निकालने की घटना
बता दें कि चार-पांच दिन पहले जीटी रोड स्थित एक बैंक से चोरों ने एटीएम से रुपये निकालने की कोशिश की थी, मगर रुपये निकालने में नाकामयाब रहे थे। उसके बाद भी मशीन से दो लाख से अधिक का कैश निकल गया। इस मामले का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस की जांच जारी है।