एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत बाबूगंज मोहल्ले में दर्जी की दुकान में घुसकर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने आधा दर्जन लोगों पर मारपीट के साथ नगदी और चेन लूटने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित मोहम्मद खालिद ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसने बिलाल नामक व्यक्ति को उधार सामान दिया था। बिलाल पर 16 हजार रुपये बकाया थे। जब उसने रुपये मांगे तो विवाद शुरू हो गया। बिलाल के साथ अन्य लोग दुकान में घुस आए। सभी ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। इस दौरान उसकी नकदी और चेन छीनने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी को शिकायत पत्र देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
कोर्ट के आदेश पर तीन माह दर्ज हो सकी प्राथमिकी
अलीगंज। कस्बे के मोहल्ला लुहारी दरवाजा निवासी एक महिला की शिकायत पर एसीजेएम ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने को थाना पुलिस को आदेशित किया है। इसमें महिला ने बताया छह अप्रैल को उसका पति काम से बाहर गया हुआ था, रात में पड़ोसी युवक उसके घर में घुस आया और उससे अश्लील हरकत करने लगा। शोर मचाने पर युवक भाग गया। पति के आने पर अगले दिन युवक के परिजन से शिकायत की गई। इस पर आरोपी युवक और उसके कई साथी लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और उसके पति एवं देवर पर हमला कर दिया। मामले में थाना पुलिस के कार्रवाई न किए जाने पर महिला ने एसीजेएम के यहां शिकायत की।