एटा। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा 6 में 80 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। इसके लिए 29 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
सकीट मार्ग स्थित बीगोर के पास जवाहर नवोदय विद्यालय संचालित है। इसमें दाखिले के लिए हर साल बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं। शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। बच्चे का मूल निवास प्रमाणपत्र उसी जिले का होना आवश्यक है, जिस जिले के लिए वह आवेदन करें। साथ ही कक्षा तीन, चार और पांच की पढ़ाई सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय से की हो। एक छात्र को केवल एक ही बार जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में शामिल होने की अनुमित दी जाती है।
ऐसे करें आवेदन
ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट navodaya.gov.in पर किया जाएगा। वेबसाइट के नीचे की तरफ ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर क्लास 6 जेएनवीएसटी 2026 पर क्लिक करें। क्लिक करने पर एक नया पेज खुल जाएगा। जहां अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए दिए गए स्थान पर क्लिक करें। इससे पंजीकरण विंडो खुल जाएगी, इसमें मांगी गई सभी जानकारी के साथ फोटो, हस्ताक्षर, मूल निवास प्रमाणपत्र आदि जानकारी दाखिल करनी होगी। इसके बाद पेज का प्रिंट निकालना होगा।
नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 29 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। -आरके शर्मा, प्रधानाचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय