एटा। मलवान थाने में आसपुर निवासी एक व्यक्ति ने सपा नेता पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और उनके भाई जुगेंद्र सिंह यादव सहित तीन नामजद व अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने सता नेताओं पर उसकी जमीन कब्जाने और गले में अंगोछा डाल जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है।
गांव आसपुर निवासी सद्दीक मोहम्मद ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव में उसकी जमीन है। जिस पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव, सुबोध कुमार, प्रमोद कुमार व पुष्पेंद्र कुमार ने कब्जा कर लिया। 29 मई 2021 को जुगेंद्र सिंह व रामेश्वर सिंह उसे पकड़वाकर अपने धानमिल ले गए। बाद में मेरा भाई रमन मोहम्मद भी वहां पहुंच गया।
इस दौरान मेरे गले में अंगोछा डालकर जान से मारने का प्रयास किया गया। कहा कि तुम लोग ज्यादा प्रार्थनापत्र देते हो, तीन महीने बाद तुम्हें देख लूंगा। तुम्हारी जमीन पर तुमको पूरा कब्जा दूंगा। उस समय प्रार्थना पत्र दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मलावन थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।