अलीगंज थाना क्षेत्र में डंपर से कुचलकर क्षत-विक्षत हो गया शरीर
डंपर चालक, क्लीनर को ग्रामीणों ने बनाया बंधक
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पैदल जा रहे 35 वर्षीय युवक गिट्टी से भरे डंपर की चपेट में आ गया। कुचलने से उसका शरीर तक बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। टुकड़े सड़क से उठाकर एक पोटली में एकत्रित किए गए। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने अलीगंज-कुरावली मार्ग पर जाम लगा दिया। डंपर के चालक-क्लीनर को बंधक बना लिया। करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका।
थाना क्षेत्र के गांव भोज्जापुर निवासी उमेश कुमार खेती करते थे। उनके छोटे भाई योगेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह भाई घर से खेतों की ओर जा रहे थे। सड़क पार करते समय सुबह करीब 9 बजे मैनपुरी की ओर से आ रहे गिट्टी से लोड तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। भाग रहे रहे डंपर चालक और क्लीनर को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया और अलीगंज-कुरावली मार्ग पर जाम लगा दिया। देखते-देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। शव को उठाने का पुलिस ने काफी प्रयास किया लेकिन गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने शव को नहीं उठाने दिया। मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे।
गुस्सा बढ़ता देख सूचना वरिष्ठ अधिकारियों दी गई। इसके बाद तहसीलदार अलीगंज नीरज वार्ष्णेय और सीओ सुधांशु शेखर मौके पर पहुंचे। लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। करीब एक घंटे बाद परिजन माने तब जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने मौके से शव के टुकड़ों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेजा। जाम खुलवाने के बाद पुलिस ने ड्राइवर और क्लीनर को ग्रामीणों से मुक्त कराकर हिरासत में ले लिया। डंपर को भी जब्त कर लिया गया है।
शव के टुकड़ों से लिपटकर रो रहे थे परिजन
हादसे के बाद मौके का दृश्य मार्मिक और हृदय विदारक था। सड़क पर मृतक के शरीर के टुकड़े और मांस के लोथड़े अलग-अलग बिखरे हुए थे। इनसे लिपटकर उनकी मां और पत्नी विलाप कर रहे थे। योगेंद्र ने बताया कि भाई के दो बच्चे शशिकांत (12) और सिंटू (9) हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन को समझाकर शांत कराते हुए जाम खुलवाया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डंपर को जब्त किया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया है।
- सुधांशु शेखर, सीओ अलीगंज