ग्राम संगठन के खाते से निकाली गई धनराशि, दर्ज कराई जाएगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
जलेसर। नारी शक्ति ग्राम संगठन के खाते से इसकी अध्यक्ष ने 18 लाख का गोलमाल कर दिया। जांच के बाद मामला सामने आया। खंड विकास अधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर नारी शक्ति ग्राम संगठन बनाए गए हैं। जलेसर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिसौली में इस संगठन की अध्यक्ष पूनम हैं। इस संगठन के संबंध में ब्लॉक मिशन प्रबंधक अमरभीम ने बीडीओ जलेसर को अपनी रिपोर्ट दी है। बताया है कि अध्यक्ष ने ग्राम संगठन के खाते 26.47 लाख रुपये अपने पति एवं अन्य परिजन के व्यक्तिगत खातों में हस्तांतरित कराकर गबन कर लिया है। बाद में 8 लाख रुपये जमा कर दिए। इस तरह 18.47 लाख रुपये शेष है।
ब्लॉक मिशन प्रबंधक की रिपोर्ट मिलने के बाद बीडीओ पीएस आनंद ने 18.47 लाख रुपये का गबन मानते हुए ग्राम संगठन की अध्यक्ष पूनम को आरोपी माना। ब्लॉक मिशन प्रबंधक को आदेश दिया है कि इस मामले में पूनम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराएं। साथ ही उच्चाधिकारियों को जानकारी देने की बात कही है।