एटा। अवागढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को बुखार से पीड़ित वृद्ध की मौत झोलाछाप की दवा खाकर हो गई। परिजन ने मौत की वजह पता करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर झोलाछाप के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे।
अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव टिकाथर निवासी अजय कुमार ने बताया कि पिता मदनलाल (57) को चार दिन से बुखार आ रहा था। उनको दवा दिलाने के लिए गांव नयाबांस में एक झोलाछाप के पास ले गए। घर जाकर दवा खिलाई। दवा खाने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार दीक्षित परिजन के घर पूछताछ के लिए पहुंचे। परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। परिजन ने मौत की वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले अवागढ़ क्षेत्र में ही अक्तूबर माह में भी एक युवक की मौत झोलाछाप के गलत उपचार के दौरान हो गई थी जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने विभागीय कार्रवाई कर क्लीनिक को सील कर दिया था।