सफलता की उड़ान के बाद जब सम्मान मिला तो मेधावियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशी से वे झूम थे। आगे भी सफलता और तरक्की का सपना लेकर अमर उजाला के मंच पर सम्मान लेने पहुंचे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं काफी रोमांचित थे। उन्हे मौका जो मिला था अमर उजाला और मंगलायतन यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित छात्र सम्मान समारोह के मंच तक पहुंचने का।
निधौली रोड स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के जूनियर विंग हॉल में गुरुवार को अमर उजाला और मंगलायतन यूनिवर्सिटी ने छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ साहब सिंह और विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि, प्रधानाचार्य डॉ. रामनिवास यादव, कालेज के चेयरमैन डॉ. राजीव दास व प्रधानाचार्या सिल्विया दास ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया।
अतिथियों का प्रतीक चिन्ह व गुलदस्ता देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन अमित सूरी ने किया। सायं साढ़े चार बजे शुरू समारोह से पहले छात्र-छात्राओं ने अपना पंजीकरण कराकर प्रमाण पत्र प्राप्त किए। इसके बाद ही हॉल में पहुंचे। समारोह में 500 से ज्यादा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए। बता दें कि अमर उजाला और मंगलायतन यूनिवर्सिटी इस आयोजन में तीनों बोर्डों के मेधावी छात्र-छात्राओं को मैरिट के आधार पर सम्मानित किया है।
सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चेयरमैन डा. राजीव दास ने अमर उजाला की इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से बच्चों को उत्साहवर्धन होगा। सेंट पॉल्स कालेज की प्रधानाचार्या सिल्विया दास ने कहा कि प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करना एक अच्छी पहल है। इससे इनका मनोबल बढ़ेगा। श्रीराम बाल भारती इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. रामनिवास यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम से अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी। मंगलायतन यूनिवर्सिटी के मार्केटिंग हेड जितेंद्र दीक्षित ने भी इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए अमर उजाला को धन्यवाद किया और आगे भी ऐसे ही कार्यक्रम कराने की बात कही।
डीएम ने दी अमर उजाला को बधाई
इस मौके पर प्रभारी जिलाधिकारी साहब सिंह ने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाना एक अच्छा कार्य है। निश्चित रूप से समाज और बच्चों पर इसका अच्छा असर पड़ेगा। प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए अमर उजाला को बधाई देता हूं। छात्र जीवन की यादें ताजा करते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को बताया कि जब उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा सम्मान सहित पास की थी तब उन्हें 51 रुपये का नकद पुरस्कार सम्मान के रूप में मिला था। सम्मान से हौसला मिलता है।
सम्मान से बढ़ता है हौंसला - डीआईओएस
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि ने कहा कि अमर उजाला ने प्रतिभावान छात्रों को हमेशा सम्मानित किया है। उसी की यह एक कड़ी है। जो समाज के लिए गर्व की बात है। इससे बच्चों की दशा और दिशा को मार्गनिर्देशन मिला है।
क्या बोले टॉपर
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज कासगंज के कक्षा 10वीं के छात्र बंटी वर्मा ने कहा कि आज अमर उजाला ने जो सम्मान दिया है उसे वह कभी नहीं भूलेगा। यह सम्मान पाकर वह काफी गदगद है।
इसी कालेज के 12वीं के छात्र रूपेश कुमार ने कहा कि यह सम्मान पाकर वह बहुत खुश है और अच्छा भी लग रहा है। सम्मान को कभी नहीं भूलेगा।
अनार सिंह इंटर कालेज रानामरू अमांपुर की इंटर की छात्रा बीना राजपूत ने कहा कि सम्मान पाकर बहुत खुश है। जब उसने सुना कि अमर उजाला सम्मान कर रहा है तो वह खुशी से फूली नहीं समाई। इस पल को वह कभी नहीं भूलेगी।
जनता इंटर कालेज अवागढ़ की इंटर की छात्रा दृष्टि ने कहा कि इस कार्यक्रम में आने के लिए मौका मिला अच्छा लग रहा है और सम्मान भी। परिवार के लोग भी उसके सम्मान होने पर काफी खुश हैं।
स्वामी आत्मानंद इंटर कालेज कमालपुर की हाईस्कूल की छात्रा ज्योति राजपूत ने कहा कि अमर उजाला ने हमें एक नई पहचान दी है। हाथों में स्मृति चिन्ह व गले में मेडल देखकर गर्व की अनुभूति हुई। इसे वह बयां नहीं कर सकती।
मीना देवी इंटर कालेज कासगंज के छात्र अप्राजित ने कहा कि मेडल पाकर वह खुशी से फूला नहीं समा रहा है। आगे भी बेहतर अंक लेकर आएगा।