अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला आयोजित की गई। इसमें सीओ सिटी ने बच्चों को कानून का पाठ पढ़ाया। कहा कि नियमों का पालन करें और अपराध से बचें।
उत्तर प्रदेश के एटा में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम शहर के अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज में हुआ। इसमें सीओ सिटी ने कहा कि सभी लोग कानून का पालन करें और अपराध करने से बचें।
विज्ञापन
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी अनिल कुमार ने सभी विद्यार्थियों को नियमों के बारे में जानकारी दी। कहा कि सभी विद्यार्थी अपने माता-पिता या अभिभावक से कहें कि वह वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें। दो पहिया वाहन चला रहे हैं तो हेलमेट जरूर पहनें। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें।
बिना लाइसेंस के बाहर ना चलाएं और 18 वर्ष से कम उम्र के किशोर भी किसी प्रकार का वाहन न चलाएं। कोई नाबालिक अगर वहां चलना पाया जाता है तो उसके अभिभावक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वाहन जब्त किया जा सकता है और 25000 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही अन्य सजा भी हो सकती है।
क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार ने कहा कि समय साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट सोशल मीडिया पर स्वीकार न करें। कोई व्यक्ति फोन करके ओटीपी मांगता है या किसी अन्य प्रकार से धोखाधड़ी करने का प्रयास करता है तो 1930 पर कॉल कर जानकारी दें।
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में भाग लेते बच्चे।
- फोटो : संवाद
उन्होंने कहा कि आप सब एक निश्चित सीमा तक ही सोशल मीडिया का प्रयोग करें। तकनीकी के युग में इस समय लोग कई प्रकार से ठगी करने का प्रयास करते हैं। कॉल के माध्यम से अभिभावक को बताते हैं कि हमने आपके बच्चे को किडनैप कर लिया है। हुबहू उसकी आवाज में बात करते हैं और बच्चा घर पर न होने पर परिजन झांसे में आकर धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं।
कई जगह देखा गया है कि अपराधियों ने लोगों को डिजिटल तरीके से कमरे के अंदर या किसी अन्य स्थान पर कैद कर दिया। व्यक्ति के दिमाग को कंट्रोल करके हजारों लाखों रुपये की ठगी कर लेते हैं। इस स्थिति में लोग परेशान हो जाते हैं और कभी-कभी आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम भी उठा लेते हैं।
कहा कि सभी बच्चों के पास जरूरी आपातकालीन नंबर जरूर होने चाहिए। अपनी दैनिक डायरी या किसी कॉपी में बच्चे इन नंबरों को लिखकर रख सकते हैं। विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति अपराध करता है या अपराधी है, तो उसकी शिकायत पुलिस से करें। स्वयं भी अपराध करने से बचें और कानून का पालन करें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे गए सही उत्तर देने वाले अंकित कुमार, शिवम, राहुल कुमार, अभिषेक कुमार यादव, गौरव दयाल, प्रशांत कुमार और अनमोल कुमार को अमर उजाला की ओर से ज्ञानवर्धक पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य सत्यवीर सिंह दिवाकर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।