राजा का रामपुर में सड़क निर्माण व मरम्मत परियोजनाओं का शिलान्यास व फीता काटकर लोकार्पण करते वि
- फोटो : सांकेतिक
राजा का रामपुर। सड़क संपर्क व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने करोड़ों रुपये की विभिन्न सड़क निर्माण व मरम्मत परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क ग्रामीण विकास और आर्थिक प्रगति की नींव है। सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक ने ग्राम बिल्सड़ से राजा का रामपुर तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क की मरम्मत पर करीब 16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा एटा-अलीगंज-फर्रुखाबाद मार्ग से मोगराहार तक निर्मित 1.30 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया गया जिसका निर्माण लगभग 1.15 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। जैथरा-दरियावगंज मार्ग से बांधुपुरा देवस्थान तक 640 मीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना पर लगभग 72.36 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। वहीं खिरिया मंडी क्षेत्र में धुमरी स्थित शिव मंदिर से खिरिया मंडी तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया जिस पर लगभग 1.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी विद्यार्थियों का आवागमन आसान होगा तथा स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। सूरज राठौर, प्रधान संघ अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अभिषेक गोपाल शर्मा, ग्राम प्रधान चंद्रशेखर पाण्डेय समेत ग्रामीण मौजूद रहे।