एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र के मैनपुरी मार्ग पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक घायल हो गया। घायल को सीएचसी अलीगंज से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया गया।
रविवार की शाम करीब 6ः30 बजे बाइक पर सवार जीजा अनूप निवासी पहाड़पुर (25), साला भूरा निवासी छेदालाल (35) और शंकर निवासी छेदालाल एक ही बाइक पर मैनपुरी से अलीगंज की ओर आ रहे थे। अलीगंज में प्रवेश करने से पहले ट्रैक्टर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को अलीगंज सीएचसी पर एंबुलेंस के माध्यम से भेजा। यहां पर चिकित्सकों ने भूरा और अनूप को मृत घोषित कर दिया। वहीं शंकर की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह के लिए भेज दिया। सीओ राजेश सिंह ने बताया कि मैनपुरी मार्ग पर एक रिसोर्ट के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार तीन लोग घायल हुए थे जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन ने बताया कि भूरा और अनूप जीजा साले थे। किसी काम से अलीगंज आ रहे थे।