जलेसर। तहसील बार एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार को वकीलों ने एसडीएम राजकुमार मौर्य को ज्ञापन सौंपा। इसमें अधिवक्ता भुवनेश उपाध्याय के हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाए जाने की मांग की गई।
अध्यक्ष सुनील यादव व मंत्री सुभाष राजपूत ने बताया कि 17 जून को अधिवक्ता भुवनेश उपाध्याय के ऊपर जानलेवा हमला किया गया था। जिसमें अधिवक्ता, उनके भाई व पिता गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिस पर जलेसर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। आरोप लगाया कि मामले को हल्की धारा में दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इसे उचित धारा में संशोधित किया जाए। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाए।
इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर हमलावरों को जेल नहीं भेजा तो बैठक कर अगली रणनीति तैयार की जाएगी। रामप्रकाश सिंह, केपी सिंह यादव, विनोद उपाध्याय, सुनील दीक्षित, विजय कुमार सिंह, दयाराम यादव आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।